तहसील कार्यालय से बमुश्किल 100 मीटर की दूरी पर हुई इस घटना से इलाके में दहशत है। पुलिस रात को तो मामले को गोपनीय बनाने में कामयाब रही, लेकिन मामला उजागर होने के बाद भी उसे कोई कामयाबी नहीं मिल सकी। वारदात के 24 घंटे से अधिक बीतने पर भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है।
घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी को खंगालने के बावजूद तीनों आरोपियों की कोई जानकारी पुलिस को नहीं है। अलबत्ता तीन आरोपियों में से एक का नाम मोनू बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि एक अन्य आरोपी के शरीर में जले हुए के निशान हैं।
पुलिस के अनुसार केयरटेकर के पास मोबाइल नहीं है। कोतवाल धर्मवीर सोलंकी ने बताया कि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। सीसीटीवी खंगालने के साथ ही आरोपियों को दबोचने के लिए सात टीमें बनाई गई है। एक टीम नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में वहां भेजी गई है, जहां की केयरटेकर रहने वाली है।
तहसीलदार आवास में केयरटेकर से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने एक आरोपी का स्केच जारी किया है। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध व्यक्ति चंपावत कोतवाली में दर्ज एक केस में वांछित है।
पुलिस ने आरोपी के बारे में जानकारी देने वाले को पांच हजार रुपये इनाम की घोषणा की है। पुलिस ने सूचना देने के लिए 9411112707, 9411112918 और 9410579800 नंबर जारी किए हैं। पुलिस ने सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखने का भरोसा भी दिलाया है।