सोमवार देर रात को नशे में धुत एक कैश वैन चालक ने तीन वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में एक ऑटो चालक तिलक बहादुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए।
मौके पर लोगों ने चालक को पकड़कर और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने चालक का मेडिकल कराने के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया है। मेडिकल में शराब पीने की पुष्टि हुई है। हादसा रात करीब 10 बजे कैनाल रोड पर हुआ।
जानकारी के मुताबिक कैश वैन (बोलेरो) चालक गिरीश चंद्र पांडेय राजपुर से शहर की ओर तेजी से आ रहा था। अचानक वह गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा और पहले कार फिर एक बाइक व अंत मे उसने एक ऑटो को उड़ा दिया।
हादसा इतना जबरदस्त था कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। इसमे ऑटो चालक विक्रम की मौके पर ही मौत हो गयी। जबकि कार और बाइक सवार कुल चार लोग घायल हो गए। टक्कर के बाद वैन रुक गई और लोगों ने चालक गिरीश को पकड़ लिया। पुलिस ने घायलों को दून अस्पताल में भर्ती कराया है। यहां सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है।