राजधानी देहरादून के पछवादून क्षेत्र में स्वाइन फ्लू से एक महिला की रविवार को मौत हो गई। मंडी चौक बाबूगढ़ तहसील विकासनगर निवासी महिला का दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में इलाज चल रहा था। परिजन हरबर्टपुर स्थित लेहमन अस्पताल और दून अस्पताल के बाद महिला को दिल्ली ले गए थे।
निशा (35) पत्नी रोहित को कुछ दिन पहले खांसी और जुकाम की शिकायत हुई थी। परिजन उसे लाइन जीवनगढ़ स्थित निजी अस्पताल में इलाज के लिए ले गए। यहां के डॉक्टर लक्षण पहचान नहीं सके। स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर परिजन महिला को हरबर्टपुर स्थित लेहमन अस्पताल ले गए।
यहां डॉक्टरों ने स्वाइन फ्लू के लक्षण के आधार पर उसे दून अस्पताल रेफर कर टेस्ट कराने की सलाह दी। 12 फरवरी की सुबह परिजन महिला को दून अस्पताल ले गए। यहां भी डॉक्टरों ने स्वाइन फ्लू के लक्षण बताए। इस पर परिजन उसी दिन महिला को राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर चले गए। यहां टेस्ट कराने पर महिला में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। रविवार को इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। महिला के पति सेना में तैनात हैं और उनके तीन छोटे बच्चे हैं।
स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत इसके टेस्ट कराएं। दून अस्पताल में टेस्ट की सुविधा मौजूद है। घबराने की जरूरत नहीं है। दवाओं से इसका इलाज संभव है।
- डा. एसपी अग्रवाल, सीएमओ।