हेरिटेज रेलवे स्टेशन की श्रेणी में शुमार दून रेलवे स्टेशन को अब आईएसओ रेलवे स्टेशन का दर्जा मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। इसी क्रम में सोमवार को नई दिल्ली से आयी आईएसओ की तीन सदस्यीय टीम ने स्टेशन का दौरा कर एक बार फिर जानकारियां जुटायीं।
आईएसओ की अधिकारी हरप्रीत की अगुवाई में टीम सोमवार को देहरादून रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी। इस दौरान टीम ने आरक्षण, बुंकिंग, पार्सल व्यवस्था, स्वचालित सीढ़ी, लिफ्ट, यात्री विश्रामगृह, खानपान सुविधाओं, स्टेशन की साफ सफाई का जायजा लिया। इसके अलावा टीम में शामिल अधिकारियों ने यात्रियों से सुविधाओं और परेशानियों की जानकारी ली। टीम ने स्टेशन पर लगाए गए सभी स्टॉल व बाहर के रेस्टोरेंट का भी जायजा लिया। निरीक्षण के समय टीम के साथ स्टेशन निदेशक गणेशचंद ठाकुर, स्टेशन अधीक्षक एसडी डोभाल, वरिष्ठ वाणिज्य निरीक्षक एसके अग्रवाल, मुख्य टिकट निरीक्षक एनसी शर्मा, स्वास्थ्य निरीक्षक प्रीतम सिंह तोमर, सीनियर सेक्शन इंजीनियर आशू शर्मा समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।