पुलिस के मुताबिक 10 दिन में हुईं आठ दुर्घटनाओं मेें तीन लोगों की मौत हुई वहीं, छह लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं। आठ अप्रैल को इसी मार्ग पर दो वाहनों की जोरदार टक्कर हो गई थी। इसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। इसके बाद 10 अप्रैल को हादसे में एक युवक की मौत हो गई, कई घायल हुए। इसके बाद भी कई घटनाएं सामने आईं।
एसएचओ प्रेमनगर नरेश राठौर ने बताया कि लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एनएच के संचालन प्रबंधक को कई बार नोटिस जारी कर इसे दुरुस्त करने के लिए कहा गया लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। इस मामले में पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए संचालन प्रबंधक लोकेश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संचालन प्रबंधक को मौके पर भी ले गई थी पुलिस
जानकारी के मुताबिक मार्ग पर बढ़ती दुर्घटनाओं को देखते हुए पुलिस एनएचएआई के संचालन प्रबंधक को मौके पर भी लेकर गई थी। इस दौरान पुलिस ने मांग की थी कि मार्ग में जो भी कमियां हैं उसे फौरन दूर करें। इसके लिए सख्त निर्देश दिए गए थे। इसके बाद भी अधिकारियों ने इसमें कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई।