ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी से यात्रियों से राहत नहीं मिल रही है। करीब 15 घंटे देरी से चल रही दून-हावड़ा एक्सप्रेस को रेलवे ने बृहस्पतिवार के लिए निरस्त कर दिया है। ये ट्रेन न तो हावड़ा से आएगी और न ही दून से चलेगी।
गत रविवार को हावड़ा से आने वाली दून एक्सप्रेस 15 घंटे देरी पहुंची। इससे रात आठ बजे हावड़ा के लिए चलने वाली दून एक्सप्रेस सोमवार सुबह साढ़े सात बजे रवाना की गई। जिससे रेलवे ने बृहस्पतिवार को एक दिन के लिए दून-हावड़ा एक्सप्रेस को निरस्त किया है।
स्टेशन अधीक्षक एसडी डोभाल ने बताया कि लेट चलने के कारण हावड़ा से ही दून एक्सप्रेस निरस्त की गई है। इस वजह से शाम को देहरादून से भी नहीं चलेगी। हावड़ा एक्सप्रेस सुबह साढ़े सात बजे दून पहुंचने का समय निर्धारित है। जिसके बाद शाम आठ बजे हावड़ा के लिए चलती है। इस फैसले से उन यात्रियों ने काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा, जिन्होंने कई दिन पहले दून एक्सप्रेस से रिजर्वेशन कराया था।