उत्तराखंड के सबसे बड़े अस्पताल दून अस्पताल में हालात इतने खराब हो चुके हैं कि यहां मरीज फर्श पर पड़ा रहता है, लेकिन कोई देखने-पूछने वाला नहीं है। ऐसी एक मरीज हैं 70 वर्षीय रानी। शनिवार को अमर उजाला संवाददाता अस्पताल पहुंचा तो वायरल से पीड़ित रानी इधर-उधर भटकती नजर आईं। भर्ती करना तो दूर की बात है उसे दवा तक नहीं मिल पाई। इलाज की उम्मीद में उसने फर्श पर ही लेटी हुई है। नर्सें और वार्ड बॉय रानी को कई बार अस्पताल परिसर से खदेड़ चुके हैं।
रानी मूल से टिहरी निवासी रानी के पति बाबूलाल का साल भर पहले निधन हो गया था। दोनों पति-पत्नी मजदूरी करते थे। उनकी एक बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है। पति की मौत के बाद रानी अकेली हो गई। उम्र के इस पड़ाव में शरीर में मजदूरी करने की ताकत भी नहीं बची।
रानी दून की गलियों में भीख मांगकर पेट भर रही है। रानी एक हफ्ते से वायरल से पीड़ित है। इलाज के लिए दून अस्पताल पहुंची लेकिन, डॉक्टर उसे भर्ती करने को तैयार नहीं हैं। बुखार से तप रही रानी रोजाना अस्पताल में एक कोने से दूसरे कोने में फर्श पर पड़ी रहती है। नर्सें और वार्डबॉय उसके साथ गाली-गलौज कर अमानवीय व्यवहार तक करते हैं। रात में उसे अस्पताल के बाहर खदेड़ दिया जाता है। फर्श पर लेटी रानी के आगे से रोजाना डॉक्टर, नर्सें और तीमारदार गुजरते हैं, लेकिन उसकी हालत देखकर किसी का दिल नहीं पसीजता।