देहरादून। दून अस्पताल में तीमारदारों ने तब हंगामा कर दिया जब लापरवाही का आरोप लगाकर वीडियो बनाने का चिकित्सकों ने विरोध किया। सुरक्षाकर्मी पर मारपीट का भी आरोप लगाया है। इस मामले में अस्पताल प्रबंधन ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक घटना रविवार रात करीब नौ बजे की है। अस्पताल के लेबर रूम में तीमारदार चिकित्सकों पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए वीडियो बना रहे थे। इस पर तीमारदार और स्वास्थ्यकर्मी दोनों आमने सामने आ गए। मामला बढ़ता देख स्वास्थ्यकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। तीमारदारों को उन्होंने बाहर निकाल दिया। इसके बाद तीमारदारों ने बाहर विरोध शुरू कर दिया। सुरक्षाकर्मी और तीमारदारों में झड़प हो गई। आरोप है कि सुरक्षाकर्मी ने तीमारदारों के साथ मारपीट भी की। इस दौरान करीब आधे घंटा तक हंगामा होता रहा। गौरतलब है कि अस्पताल में यह पहली बार नहीं हुआ है जब इस तरह की घटना हुई है। इससे पहले भी तीमारदार और स्वास्थ्यकर्मी आमने-सामने आ चुके हैं। बार-बार घटनाएं सामने आने से सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।