पहाड़ में इंसानों के लिए गुलदार बेशक खौफ का सबब बने हों लेकिन गांव के कुत्ते इस खूंखार जानवर पर भारी पड़े। टिहरी के भिलंगना गांव में घुसी एक मादा गुलदार पर कुत्तों ने हमला बोल दिया और घेरकर मार गिराया।
ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गुलदार के शव को उठाकर घनसाली बहेड़ा स्थित रेंज कार्यालय ले गई।
वन रेंज अधिकारी केएस भंडारी ने घटना की पुष्टि की। बताया कि शुक्रवार को पोस्टमार्टम करने के बाद गुलदार के शव को नष्ट कर दिया जाएगा। यह घटना टिहरी के भिलंगना वन क्षेत्र के अंतर्गत जाख डखवाण गांव में बृहस्पतिवार शाम पांच बजे के करीब हुई।