युवा कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
पौड़ी में पांच साल की मासूम बच्ची पर लावारिस कुत्तों के हमले के बाद युवा कांग्रेस ने जिला प्रशासन व नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने डीएम कार्यालय के बाहर जिला प्रशासन और नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ प्रदर्शन किया और पुतला फूंका। चेताया कि जल्द शहर से लावारिस कुत्तों से निजात नहीं दिलाई गई तो युवा कांग्रेस अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेगा। युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मोहित सिंह व प्रदेश महासचिव आशीष नेगी ने कहा कि आए दिन लावारिस पशुओं के हमले में लोग घायल हो रहे हैं। वहीं इन दिनों आवारा कुत्ते शहरवासियों के लिए मुसीबत का सबब बने हैं।
लावारिस कुत्तों को भेजा जाएगा दून के एनीमल बर्ड कंट्रोल सेंटर
पौड़ी। शहर को लावारिस कुत्तों के उत्पात से निजात दिलाने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने मुहिम शुरू कर दी है। जो कुत्ते लोगों को काट रहे हैं पालिका उन्हें पकड़कर देहरादून स्थित एनीमल बर्थ कंट्रोल सेंटर (एबीसी) में भेजेगी। मासूम बच्ची पर हमला करने के बाद डीएम ने लावारिस कुत्तों से निजात दिलाने के लिए नगर पालिका को निर्देशित किया है। पालिका के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने बताया कि लावारिस कुत्तों को देहरादून स्थित एनीमल बर्थ कंट्रोल सेंटर में भेजा जाएगा। उधर, जिला अस्पताल के एमएस डाॅ. विजय अड्डा वाला ने बताया कि एक माह में 80 लोगों को कुत्तों की ओर से काटने के मामले सामने आए हैं। संवाद
ये भी पढ़ें...Badrinath Dham: मास्टर प्लान के तहत बन रहे पुल का ढांचा गिरने से हादसा, नदी में बहे दो मजदूर, एक की जान बची
ईओ के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग
पौड़ी। शहर के व्यापारियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर नगर पालिका पौड़ी के अधिशासी अधिकारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। व्यापारी कुलदीप गुसाईं, मातंग मलासी आदि ने कहा कि बीते दस दिनों से अधिक समय से शहर में लावारिस कुत्तों के कारण आम जन भयभीत है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाते बच्चों को हो रही है। फिर भी नगर पालिका मामले का संज्ञान नहीं ले रही है। उन्होंने मामले में ईओ के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है।