आयुर्वेदिक चिकित्सक संबद्धता खत्म होने के बाद मैदान का मोह छोड़ने को तैयार नहीं है। डेढ़ माह बीत जाने के बाद भी इन चौदह चिकित्सकों ने जौनसार बावर स्थित अपने मूल तैनाती वाले अस्पताल में ज्वाइन नहीं किया है। चिकित्सकों की मनमानी के चलते जौनसार बावर की स्वास्थ्य सेवाएं चरमराई है। उधर, अधिकारी डाक्टरों को नोटिस भेज कार्रवाई की बात कह रहे हैं।
विगत 3 अप्रैल को जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी ने मैदानी क्षेत्रों में संबद्ध 14 चिकित्सकों की संबद्धता को तत्काल प्रभाव से समाप्त कर मूल तैनाती पर ज्वाइन करने के निर्देश दिए थे। डेढ़ माह बीत जाने के बाद भी इन डाक्टरों ने अस्पतालों में अपनी सेवाएं देना शुरू नहीं किया है। जिसके चलते स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से चरमराई हुई हैं।
ये अस्पताल या तो फार्मासिस्ट के भरोसे चल रहे हैं या फिर उनमें ताले लटके हैं। स्थानीय निवासी वीरेंद्र शर्मा, राजेंद्र दत्त, नरेश कुमार का कहना है कि अस्पतालों में डॉक्टर न होने के कारण लोगों को सर्दी, जुकाम, खांसी जैसी दवाओं के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र त्यूनी या फिर सीएचसी चकराता के चक्कर काटने पड़ते हैं।
प्रभारी चिकित्साधिकारी चकराता डॉ. महेंद्र सिंह राय का कहना है कि यदि सभी चिकित्सक अपनी मूल तैनाती पर लौट आए तो काफी हद तक जनजातीय क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं पटरी पर आ जाएंगी।
इनकी समाप्त हुई संबद्धता
चिकित्सक मूल तैनाती संबद्धता
डॉ. जनानंद नौटियाल आयुर्वेदिक अस्पताल शेड़िया आयुष विगिं (पुरुष) दून चिकित्सालय
डॉ. लता थापा आयुर्वेदिक अस्पताल मिंडाल आयुष विंग (महिला) दून चिकित्सालय
डॉ. किरण जंगपांगी आयुर्वेदिक अस्पताला कोटी कनासर राजकीय आयुवेर्दिक चिकित्सालय सचिवालय
डॉ. अनिता पुंडीर आयुर्वेदिक अस्पताल बरौथा मौथरोवाला
डॉ. गीता रोहिला आर्य आयुर्वेदिक अस्पताल मयरावना धर्मपुर
डॉ. सुुमती काला आयुर्वेदिक अस्पताल बुल्हाड़ धर्मपुर
डॉ. शालनी रानी आयुर्वेदिक अस्प्ताला दसऊ हरबर्टपुर
डॉ. पूनम हरित आयुर्वेदिक अस्पताल क्वांसी चिड़ियागंडी
डॉ. विनिता नौटियाल आयुर्वेदिक अस्पताल मानथात मियांवाला
डॉ. भावना भदौरिया आयुर्वेदिक अस्पताल कथियान नत्थूवाला
डॉ. विजेंद्र अग्रवाल आयुर्वेदिक अस्पताल लाखामंडल गुरुकुल हरिद्वार
डॉ. अवनीत किशोर आयुर्वेदिक अस्पताल हरटाड़ जिसऊ
डॉ. रमेश कुमार शर्मा आयुर्वेदिक अस्पताल भटाड़ एलोपेथिक अस्पताल कटापत्थर
डॉ. शैलेजा रोहिला आयुर्वेदिक अस्पताल खबऊ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बालावाला
सभी अटैच 14 चिकित्सकों की संबद्धता तत्काल प्रभाव से निरस्त की जा चुकी है। सभी को मूल तैनाती पर लौटने के निर्देश दिए गए हैं। अभी तक जिन डॉक्टरों ने ज्वाइन नहीं किया है। उनका वेतन काटने के साथ ही स्पष्टीकरण तलब किया जाएगा।
- डॉ. कैलाश कुमार जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी