जल्द ही उत्तराखंड सरकार प्रदेश में 300 डॉक्टरों की तैनाती करने जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने मंगलवार को बीडी पांडे जिला अस्पताल में 51 लाख की लागत से बने ओपीडी के तीन नव निर्मित कक्षों के साथ ही स्वास्थ्य अधीक्षक कक्ष और कार्यालय कक्ष का लोकार्पण किया।
चिकित्सक बोर्ड का गठन कर रही सरकार
उन्होंने कहा जल्द ही सरकार प्रदेश में 300 डॉक्टरों की तैनाती करने जा रही है। उन्होंने कहा सीएम हरीश रावत राज्य की भौगोलिक परिस्थिति से पूरी तरह वाकिफ हैं। अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी दूर करने के लिए सरकार चिकित्सक बोर्ड का गठन कर रही है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने गणतंत्र दिवस पर स्वास्थ्य बीमा योजना का शुभारंभ किया है। राज्य में बीपीएल और एपीएल का प्रत्येक व्यक्ति जो आयकर के दायरे में नहीं आता है, उसे योजना का लाभ मिलेगा।
इसके तहत 50 हजार रुपए तक की निशुल्क चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। इस प्रक्रिया को इतना सरल किया गया है कि केवल उत्तराखंड का स्थायी निवासी का प्रमाणपत्र साथ लाना होगा।
इसके अलावा प्रदेश सरकार ने 350 ऐसी गंभीर बीमारियां चिन्हित की हैं, जिसके तहत इलाज के लिए सरकार की ओर से दो लाख रुपए दिए जाएगा। आंगनबाड़ी से कक्षा 12 और 18 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए मुफ्त इलाज की व्यवस्था की गई है।
इस दौरान सीएमओ डॉ. एलएम उप्रेती, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जीबी बिष्ट, महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. विनीता साह, पूर्व विधायक खड़क सिंह बोहरा, कुंदन सिंह बिष्ट, पप्पन जोशी, रईस अहमद, मुन्नी देवी, डीएन भट्ट, किशन लाल सैनी आदि थे।