देहरादून में डीआईटी के हॉस्टल में इंजीनियरिंग के एक छात्र ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। कालेज में मेधावी छात्र के रुप में पहचान बनाने वाले युवक की आत्महत्या की वजह साफ नहीं हो सकी है। कमरे से किसी तरह का सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। देर रात तक परिजनों के देहरादून पहुंचने की उम्मीद है।
छात्र के आत्महत्या करने की खबर मिलते ही विवि के अधिकारी भी मौके पर आ गए। विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार की सूचना पर राजपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। एफएसएल की टीम को मौके पर बुलाकर बारीकी से जांच पड़ताल कराई गई। वीडियोग्राफी कराकर शव को नीचे उतारा गया। सुमित के कमरे की तलाशी ली गई, लेकिन किसी तरह का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ।
राजपुर थाना प्रभारी नत्थीलाल उनियाल ने बताया कि सुमित मेधावी छात्र था। फोन और लैपटॉप की जांच पड़ताल से पता चला कि सुमित ने शुक्रवार रात 12 बजे तक गाने सुने और कई मैसेज भी किए। अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि सुमित ने यह कदम क्यों उठाया। सुमित के परिजनाें को इस अनहोनी की जानकारी दे दी गई है। पुलिस ने फिलहाल शव को दून अस्पताल की मॉर्चरी में रखवा दिया है। परिजनों के आने पर मौत की वजह साफ होने की उम्मीद है।