बृहस्पतिवार को हुए विवाद पर भले ही भाजपा के बड़े नेता पर्दा डालने की कोशिश कर रहे हों, लेकिन इसे शहर की विभिन्न विधानसभा सीटों पर दावेदारी को लेकर उठ रही चिंगारी माना जा रहा है। पार्टी के कुछ नेता इस बात को अंदरखाने स्वीकार कर रहे हैं।
बृहस्पतिवार को महानगर कार्यालय में जीएमएस मंडल के संगठन चुनाव की तैयारियों के लिए आयोजित बैठक में कैंट विधायक और वरिष्ठ भाजपा नेता हरबंस कपूर से कुछ कार्यकर्ताओं का विवाद हो गया था। मीडिया की मौजूदगी में विवाद होने पर मामला तो सार्वजनिक हो गया, लेकिन सूत्रों का कहना है कि महानगर में पार्टी के भीतर अंतर्कलह इससे भी ज्यादा है।
आगामी विधान सभा चुनाव में विभिन्न सीटों पर भाजपा के कई नेताओं ने अपनी-अपनी दावेदारी जतानी शुरू कर दी है। इन नेताओं की हाल के दिनों में अपने विधानसभा क्षेत्रों में बढ़ रही सक्रियता इसे दर्शाती भी है।