कुंडा थाने के ग्राम नवलपुर निवासी अजय कुमार पुत्र भूप सिंह की पत्नी कई वर्ष पूर्व उसे छोड़कर मायके चली गई। अजय अपनी मां गीता देवी के साथ रहता है। मंगलवार शाम चार बजे चाय बनाने को लेकर उसका मां से विवाद हो गया।
आवेश में आकर अजय ने दरांती से गाय के बच्चे का पेट चीर दिया, जिससे उसकी आंतें बाहर आ गईं। इसके बाद भैंस के बच्चे के पेट में भी दरांती से हमला कर दिया। मां गीता ने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया। आरोप है कि अजय ने ग्रामीणों पर पथराव कर दिया। इसमें तीन-चार लोग पत्थर लगने से चोटिल हो गए।
ग्रामीणों ने किसी तरह उसे काबू में किया। सूचना पाकर कुंडा थाना प्रभारी मोहन चंद्र पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस की सूचना पर करनपुर स्थित पशु चिकित्सालय से आए चिकित्सक डॉ. नरेंद्र लाल ने घायल गाय का ऑपरेशन शुरू किया। इसके बाद भैंस के बच्चे का भी ऑपरेशन किया जाएगा। पिता भूपसिंह की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।