आगामी वर्ष-2022-23 के लिए जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत और ग्राम पंचायतों के लिए मॉडल प्लान तैयार करने के लिए शुक्रवार को जिला नियोजन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेंटर फॉर पब्लिक पॉलिसी एंड गुड गर्वनेंस (सीपीपीजीसी) के ट्रेनरों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, जिला पंचायत सदस्यों ने मॉडल प्लान बनाने पर चर्चा की।
बैठक में सीपीपीजीजी की टीम के एसीईओ डॉ. मनोज कुमार पंत, एक्सपर्ट करुनकर सिंह आदि ने सदस्यों को मॉडल प्लान का विवरण दिया। इस दौरान सदस्यों ने भी अपने सुझाव दिए। सदस्यों ने कहा कि विभागों के सभी विकास कार्यों में सभी सदस्यों के प्रस्तावों को भी शामिल किया जाना चाहिए और विकास कार्य शुरू करने से पहले उन्हें भी विश्वास में लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं के वित्तीय सहायता में केवल कुछ चुनिंदा स्वयं सहायता समूहों को भी शामिल किया जाता है। जबकि, सभी को इसका लाभ मिलना चाहिए। बैठक में उपाध्यक्ष जिला पंचायत श्याम सिंह पुंडीर, सीपीपीजीजी के सीईओ मनोज कुमार पंत, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजीव कुमार आदि मौजूद रहे।