उत्तराखंड मुख्यमंत्री हरीश रावत ने हरिद्वार चुनाव में पार्टी समर्थित प्रत्याशियों से हर हाल में जीत का परचम लहराने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने पार्टी समर्थित प्रत्याशियों को लुभाने के लिए बकायदा डिनर डिप्लोमेसी का सहारा लिया। हरिद्वार के समीकरणों का ध्यान में रखते हुए इस भोज में बाकायदा अनुसूचित जाति के समर्थित प्रत्याशी अधिक निमंत्रित किये गए थे।
हरिद्वार के अन्य कांग्रेसी नेताओं की उपस्थिति में हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने बसपा को निशाने पर भी रखने का संकेत दिया और कहा कि कांग्रेस पूरी तरह से हरिद्वार के हित में काम कर रही है।
हरिद्वार पंचायत चुनाव को लेकर कांग्रेस कितने दबाव में है, यह इस बात से भी समझा जा सकता है कि हरिद्वार को लेकर यह दूसरी बार है कि मुख्यमंत्री की ओर से समर्थित प्रत्याशियों को भोज दिया गया है। रविवार को दिए गए भोज में मुख्यमंत्री हरीश रावत ने साफ-साफ कहा कि उन्हें हर हाल में जीत चाहिए।
मुख्यमंत्री ने परोक्ष रूप से बसपा को भी निशाने पर लिया और कहा कि हरिद्वार के लिए कांग्रेस पूरी तरह से प्रतिबद्ध होकर काम कर रही है। दल विशेष अगर हरिद्वार के हित में खड़े होने का दावा कर रहे हों तो उन्हें हरिद्वार में सरकार की ओर से किए गए कामों का ब्यौरा भी बताया जाए।
मुख्यमंत्री की ओर से दिये गए भोज में अनुसूचित जाति के प्रत्याशी अधिक संख्या में थे। यह इस बात का संकेत भी था कि कांग्रेस हरिद्वार में किस वर्ग विशेष पर फोकस कर रही है।