मुख्य सचिव एस. रामास्वामी
उत्तराखंड के महानिदेशक चिकित्सा एवं परिवार कल्याण (डीजी) के पद पर चिकित्सा संवर्ग के अधिकारी को ही बैठाया जाएगा। इस संबंध में मुख्य सचिव एस. रामास्वामी से प्रांतीय चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा संघ को आश्वासन मिला है। वरिष्ठता के आधार पर चार निदेशकों में से किसी एक को डीजी बनाया जाएगा। इस संबंध में डॉ. आरएस असवाल और डॉ. डीएस रावत के नाम पर विचार किया जा रहा है।
महानिदेशक डॉ. कुसुम नरियाल का स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति का आवेदन स्वीकृत होने के बाद किसी आईएएस संवर्ग के अधिकारी को डीजी बनाए जाने का प्रांतीय चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा संघ पुरजोर विरोध कर रहा है। बुधवार को संघ का प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष डॉ. एसके गोस्वामी की अगुवाई में मुख्य सचिव एस. रामास्वामी से मिला और चिकित्सा संवर्ग के अफसर को डीजी बनाए जाने की मांग की।
डॉ. गोस्वामी ने बताया कि मुख्य सचिव ने आश्वासन दिया है कि चिकित्सा संवर्ग के अफसर को ही डीजी बनाया जाएगा। संघ ने शासन को नोटिस भी दिया है, जिसमें कहा गया कि संघ के संज्ञान में आया है कि किसी आईएएस संवर्ग के अफसर को डीजी बनाया जा रहा है।
अगर कोई आईएएस संवर्ग का अफसर डीजी बनता है तो संघ आंदोलन छेड़ेगा। मुख्य सचिव से भेंट के बाद चिकित्सा संघ की महानिदेशालय में बैठक हुई। बैठक में मुख्य सचिव हुई वार्ता के संबंध में बताया गया। मुख्य सचिव से मिले प्रतिनिधिमंडल में डॉ. आरएस असवाल, डॉ. नरेश नपलच्याल, डॉ. मेघना असवाल, डॉ. डीएस रावत आदि शामिल रहे।