प्रभारी जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी नितिका खंडेलवाल ने कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना की समीक्षा की। उन्होंने चकराता, कालसी, विकासनगर और सहसपुर ब्लॉक में चुने गए 17 आदर्श ग्राम पंचायतों में चल रहे कार्यों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने उचित गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता का ध्यान रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित ग्राम पंचायतों में सड़क, खडंजा, शौचालय, कूड़ा निस्तारण, आंगनबाड़ी भवन, विद्यालय, स्वास्थ्य केन्द्र, आजीविका के साधन, पशुपालन, पेयजल, विद्युतीकरण, बैंकिंग वित्तीय समावेशन, सीएससी सेंटर, आवासीय येाजना, सोलर लाइट समेत ग्राम पंचायत विकास समिति से संबंधित अन्य प्रस्तावित कार्यों को तेजी से करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विकास कार्यों की अनिवार्य रूप से जीओ मैपिंग करने और चयनित 17 ग्राम पंचायतों में से दो को अलग से चयनित करते हुए विशेष प्राथमिकता से विकसित करने को कहा। उन्होंने कहा कि अधिक जनसंख्या वाले गांवों में अगर भूमि उपलब्ध है, तो वहां पर बहुद्देशीय भवन बनाए जाएं।
उन्होंने जल संस्थान व पेयजल निगम को पेयजल से संबंधित कार्यों, स्वजल को कूड़ा प्रबंधन व शौचालय निर्माण, स्वास्थ्य विभाग को स्वास्थ्य उप केंद्र अथवा वेलनशेस सेंटर निर्माण, लोनिवि को सड़क निर्माण, उरेड़ा को सोलर लाइट से संबंधित कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में डीडीओ सुशील मोहन डोभाल, मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी, सीडीओ आशारानी पैन्यूली, जिला समाज कल्याण अधिकारी हेमलता पांडेय, ईई पेयजल निगम मीसा सिंह, जिला पंचायतीराज अधिकारी जितेंद्र कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. दिनेश चौहान, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी भास्कर कुलियाल आदि मौजूद रहे।