जिले में डेंगू से पीड़ित मरीजों की संख्या 3417 पहुंच चुकी है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि शनिवार को जितने सैंपल सरकारी अस्पतालों में एलाइजा जांच के लिए भेजे गए थे, उनमें से अब पहले की अपेक्षा कम मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो रही है।
दून अस्पताल में 270 सैंपल में से 12 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसी तरह गांधी शताब्दी अस्पताल में 184 में से 62 मरीजों में डेंगू पॉजीटिव पाया गया। वहीं, कोरोनेशन में 91 मरीजों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। इनमें से 22 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। एसपीएस अस्पताल ऋषिकेश में 50 में से 14 और सीएचसी रायपुर में 73 में से 33 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है।
टिहरी और पौड़ी के भी 31 मरीज
शनिवार को एसपीएस अस्पताल ऋषिकेश में 31 मरीज ऐसे थे जो देहरादून को छोड़कर अन्य जिलों से आए थे। जिला वैक्टर जनित रोग नियंत्रण अधिकारी सुभाष जोशी ने बताया कि इसमें टिहरी जिले के 19 और पौड़ी गढ़वाल के 12 मरीज थे।