देहरादून जिले में 165 और मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इस तरह से जिले में मौजूदा सीजन में अब तक डेंगू मरीजों का सरकारी आंकड़ा 2434 पहुंच गया है। स्वास्थ्य विभाग जिले में इस बार अब तक डेंगू के छह मरीजों की मौत की पुष्टि कर रहा है। जबकि निजी अस्पतालों के रिकार्ड के दावों को भी जोड़ लें तो मौत का आंकड़ा 15 से अधिक पहुंच चुका है।
शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, दून हास्पिटल में 270 मरीजों के सैंपल एलाइजा जांच के लिए भेजे गए थे। जिनमें से 41 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। गांधी शताब्दी अस्पताल में 182 मरीजों के सैंपल की एलाइजा जांच में 71 में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसी तरह, एसपीएस अस्पताल ऋषिकेश में और सीएचसी रायपुर में 42-42 मरीजों के सैंपल एलाइजा जांच के लिए भेजे गए थे। जिनमें से क्रमश: 41 और 12 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है।
जिले में अब तक सरकारी अस्पतालों में 11268 मरीजों के सैंपल की एलाइजा जांच हो चुकी हैं। जिनमें 2434 मरीजों में डेंगू बुखार की पुष्टि हुई है। जिला वैक्टर जनित रोग नियंत्रण अधिकारी सुभाष जोशी के मुताबिक, डेंगू बुखार की रोकथाम और बचाव को लेकर लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की विभिन्न टीमें आशा कार्यकत्रियों के साथ अलग-अलग स्थानों पर यह अभियान चला रही हैं।