पथरीबाग में डेंगू के 22 नए मामलों की पुष्टि हुई है। एलाइजा रिपोर्ट में डेंगू की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।
आनन-फानन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर लोगों को दवा वितरित की और बचाव के उपाय किए। विभागीय टीम ने क्षेत्र से 35 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए हैं। पूरे क्षेत्र में आज घर-घर में फॉगिंग कराई जाएगी। देहरादून में अब तक डेंगू के कुल 23 मामलों की पुष्टि हो चुकी है।
पथरीबाग क्षेत्र में डेंगू के दो मामले सामने आने के बाद बीती 15 जुलाई को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र में शिविर लगाकर 39 लोगों के सैंपल लिए थे। एलाइजा टेस्ट की रिपोर्ट में इनमें से 22 लोग पॉजिटिव मिले हैं। बड़ी संख्या में लोगों के पॉजिटिव मिलने के बाद रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पथरीबाग क्षेत्र में पहुंचकर लोगों की जांच की।
49 लोगों के स्वास्थ्य की जांच के बाद 35 संदिग्ध मरीजों के सैंपल भरे गए। रैपिड टेस्ट के बाद इन लोगों के एलाइजा टेस्ट किए जाएंगे। प्रभारी सीएमओ डॉ. वाईएस थपलियाल ने बताया कि सोमवार को क्षेत्र के हर घर में फॉगिंग और केमिकल स्प्रे का छिड़काव किया जाएगा।
अस्पतालों में डेंगू के लिए आइसोलेशन वार्ड बनाए गए हैं। सोमवार को सभी मरीजों की दून मेडिकल कॉलेज के टीचिंग अस्पताल में जांच कराई जाएगी। गंभीर मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा।