भाजपा पदाधिकारियों और पार्षदों ने नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन देकर शहर की सड़कों की हालत सुधारने की मांग की। उन्होंने कहा कि पर्यटन सीजन शुरू होने वाला है लेकिन कई सड़कें खस्ताहाल पड़ी हैं। इससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
सोमवार को भाजपा मसूरी मंडल के अध्यक्ष मोहन पेटवाल के नेतृत्व में भाजपाइयों ने अधिशासी अधिकारी यूडी तिवाड़ी को ज्ञापन देकर कहा कि पिक्चर पैलेस से गुरुद्वारा चौक तक सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। एक प्राइवेट दूरसंचार कंपनी ने सड़कों को खोद डाला है। लिहाजा तत्काल उनकी मरम्मत की जरूरत है। पर्यटन सीजन शुरू होने से पहले शहर की सभी सड़कें दुरुस्त होनी चाहिए ताकि लोगों को परेशानी न हो। मोहन पेटवाल ने कहा कि शहर के सार्वजनिक शौचालयों की हालत भी खराब है। सफाई नहीं होने से पर्यटकों को परेशानी उठानी पड़ती है। वहीं, अधिशासी अधिकारी ने कहा कि ज्ञापन को बोर्ड बैठक में रखकर मांगों पर कार्रवाई की जाएगी। ज्ञापन सौंपने वालों में सभासद अरविंद सेमवाल, मदन मोहन शर्मा, पुष्पा पडियार, राजेश्वरी नेगी, कुशाल सिंह, नरेंद्र पडियार आदि शामिल थे। संवाद