फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

देहरादून: अवैध खनन पर देर रात चला पुलिस का चेकिंग अभियान, 27 डंपर, नौ ट्रैक्टर-ट्रालियां सीज

Wed, 07 Aug 2019 08:39 AM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
चेकिंग करती पुलिस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ रविवार रात चले अभियान में 27 डंपर और नौ ट्रैक्टर-ट्रालियां सीज करने की कार्रवाई की गई। इसके अलावा यातायात नियमाें के उल्लंघन में 127 वाहन सीज किए गए।

विज्ञापन


शिमला बाईपास पर पटेलनगर पुलिस ने एक डंपर अवैध खनन और चार डंपर चालकों के पास से डीएल न होने के आरोप में सीज कर दिए। रायपुर पुलिस ने अवैध खनन में डंपर और ट्रैक्टर-टाली और नेहरू कॉलोनी पुलिस ने ओवरलोडिंग में एक ट्रैक्टर-ट्राली सीज की।

डोईवाला में 13 डंपर, रायवाला में सात ट्रक और एक डंपर ओवरलोडिंग में सीज किया गया। विकासनगर, सहसपुर, ऋषिकेश, रानी पोखरी, क्लेमेंटटाउन, कैंट और मसूरी पुलिस ने यातायात नियमाें के उल्लंघन में चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
विज्ञापन


शहर क्षेत्र में चार हजार समन तामिल
हाईकोर्ट के निर्देश पर समन और वारंट तामिल करने के अभियान के तहत शहर क्षेत्र में व्यापक कार्रवाई हुई है। एसपी सिटी श्वेता चौबे के मुताबिक अभियान में अब तक चार हजार के करीब लोगों को समन तामिल करने की कार्रवाई की गई है। गैर जमानती वारंट के आधार पर 170 लोगाें को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया है। इनमें रायपुर में 26, पटेलनगर में 27, कोतवाली में 23 और डालनवाला में 21 वारंटियाें की गिरफ्तारी हुई है।  

स्मैक के साथ दो को दबोचा
नेहरू कॉलोनी पुलिस ने पुरानी बाईपास चौकी के पास चेकिंग के दौरान शुभम कुमार निवासी चुक्खूवाला और अजय निवासी लुनिया को 13.8 ग्राम स्मैक के साथ दबोचा है। एसओ दिलबर नेगी ने बताया कि आरोपियों के बारे में काफी समय से जानकारी मिल रही थी। पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं जिन पर कार्रवाई चल रही है। 

संदिग्धों की तलाश में रात में चला तलाशी अभियान
कश्मीर प्रकरण और स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पुलिस ने सोमवार रात संदिग्धों की धरपकड़ को तलाशी अभियान चलाया। होटलों, सराय, धर्मशालाओं के अलावा रेलवे स्टेशन और आईएसबीटी पर चेकिंग की गई।
एसएसपी अरुण मोहन जोशी ने सोमवार रात आठ बजे से संदिग्धों की धरपकड़ को चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसी कड़ी में एसपी सिटी श्वेता चौबे ने शहर कोतवाली पुलिस और अभिसूचना इकाई के कर्मचारियों के साथ अग्रसेन चौक से चेकिंग शुरू की। होटलों में पहुंचकर वहां ठहरे लोगाें के बारे में जानकारी ली। ग्राहकों की आईडी चेक की गई। अधिकांश होटलों में दो से तीन लोग ही मिले। जीआरपी पुलिस को साथ लेकर रेलवे स्टेशन पर चेकिंग की गई। संदिग्धाें के सामान की तलाशी ली गई। एसपी सिटी के मुताबिक शहर के दूसरे इलाकों के अलावा आशारोडी और जोगीवाला चौकी के पास भी रात तक तलाशी अभियान चलता रहा। आईडी उपलब्ध ना कराने पर कई संदिग्धों से थाने बुलाकर पूछताछ की गई है।   

महिला को अश्लील वीडियो भेजने पर मुकदमा
शहर क्षेत्र में कई माह से लगातार अश्लील वीडियो और संदेश आने से एक परिवार दहशत में है। साइबर सेल की जांच के बाद सोमवार को शहर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पीड़ित महिला को अश्लील वीडियो और धमकी भरे संदेशों का सिलसिला अप्रैल माह से चल रहा है। आरोपी महिला के मोबाइल पर लगातार अश्लील वीडियो और संदेश भेज रहा। महिला ने यह बात परिजनों को बताई। लोक-लाज के डर से परिवार चुप्पी साधे रहा। इसके बाद धमकी भरे एसएमएस आने लगे। पीड़ित पक्ष ने इस मामले की शिकायत साइबर सेल से की। साइबर सेल की जांच के बाद शहर कोतवाली पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तरफ से मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इंस्पेक्टर शिशुपाल नेगी ने बताया कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश में दबिश चल रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। 

हुक्का बार के कर्मचारियों के खिलाफ हंगामा 
खुडबुडा क्षेत्र में हुक्का बार कर्मचारियों के खिलाफ लोगों ने हंगामा किया। पुलिस के आने से पहले आरोपी फरार हो गए। खुडबुडा पुलिस चौकी क्षेत्र में खुला हुक्का बार इलाके के लोगों के लिए काफी समय से सिरदर्द बना है। आरोप है कि यहां काम करने वाले युवक अक्सर गंदी हरकत करते है। विरोध करने पर लोगों से मारपीट पर उतारू हो जाते है। सोमवार को भी आरोपियों ने पड़ोसियों से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित पक्ष ने कुछ लोगाें के साथ चौकी पहुंचकर अपना विरोध जताया। पुलिस जब तक मौके पर आई, आरोपी युवक हुक्का बार को बंद कर फरार हो गए। पीड़ित लोगों का कहना था कि इन युवकाें की बदतमीजी दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत किया। 


अवैध खनन, ओवर लोडिंग और हादसों की रोकथाम को जिले भर में सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी। जनता के पास यदि अवैध खनन से जुड़ी कोई जानकारी हो तो वे साझा कर सकते हैं। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखकर कार्रवाई की जाएगी।  
विज्ञापन

-अरुण मोहन जोशी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें