एसटीएफ ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किरठल गैंग के एक कुख्यात सतेंद्र मुखिया को ज्वालापुर से गिरफ्तार किया है। मुखिया पर दो दर्जन से ज्यादा मुकदमें दर्ज हैं और वह हरिद्वार व देहरादून में भी सक्रिय रहा है। बदमाश एक शार्प शूटर है और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है।
पिछले दिनों एसटीएफ उत्तर प्रदेश ने उत्तराखंड एसटीएफ से इनामी बदमाशों की सूची साझा की थी। इनकी धरपकड़ के लिए दोनों ने मिलकर अभियान चलाने और अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय बदमाशों की जानकारी देने पर सहमति जताई थी।
इसी क्रम में एसटीएफ उत्तराखंड को भी जानकारी मिली थी कि बागपत का एक इनामी बदमाश देहरादून व हरिद्वार में सक्रिय हो सकता है। एसटीएफ की टीम ने इसकी पड़ताल की तो मंगलवार सुबह ज्वालापुर से एक बदमाश सतेंद्र मुखिया को गिरफ्तार कर किया गया।
एसएसपी एसटीएफ ने बताया कि सतेंद्र मुखिया धर्मेंद्र किरठल गैंग का सदस्य है और वह बागपत के थाना रमाला में दर्ज हत्या के मुकदमे में फरार चल रहा है। इस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है। जबकि, गैंग के सरगना धर्मेंद्र किरठल पर 50 हजार रुपये का इनाम है। सतेंद्र के खिलाफ मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत व एनसीआर क्षेत्र में हत्या, लूट व गैंगेस्टर एक्ट में दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
डकैती के मामले में किरठल का बेटा है दून में बंद
डोईवाला क्षेत्र में हुई एक डकैती के मामले में इस गैंग के सरगना धर्मेंद्र किरठल का बेटा अमन भी जेल में बंद है। उसकी रिहाई के लिए पैरवी की जिम्मेदारी सतेंद्र मुखिया को दी गई थी। इसके लिए वह लगातार यहां पर आता-जाता रहता था। बताया जा रहा है कि पिछले दिनों वह देहरादून भी आया था।