बिंदाल एलिवेटेड कॉरिडोर लंबाई 15 किमी
बिंदाल एलिवेटेड कॉरिडोर कारगी चौक से शुरू होकर राजपुर रोड पर साईं मंदिर के पास समाप्त होगा। इसकी लंबाई 15 किमी होगी। इसमें लालपुल चौक, बिंदाल तिराहा, विजय कॉलोनी-न्यू कैंट रोड व मसूरी डायवर्जन पर इंटरचेंज दिए जाएंगे।
09 महीने में डीपीआर को मिलेगा अंतिम स्वरूप
प्रस्तुतिकरण देते हुए लोनिवि के अधिकारियों ने बताया कि परियोजना की फिजिबलिटी स्टडी पूरी कर ली गई है। डीपीआर का ड्राफ्ट तैयार है। इसे फाइनल करने में करीब नौ महीने का समय लगेगा। आईआईटी रुड़की की ओर से तैयार की गई हाइड्रोलाजिकल मॉडल स्टडी रिपोर्ट को लोनिवि के साथ साझा किया गया है। रिस्पना के फ्लड प्लेन जोनिंग के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। आवास व अन्य सेवाओं के शिफ्टिंग का आकलन कर लिया गया है।
दायरे में आ रहे 2000 निर्माण
रिस्पना व बिंदाल नदी के किनारों पर बसे लोगों को विस्थापित करने पर खास चर्चा हुई। यह बताया कि करीब 103 हेक्टेयर से अधिक सरकारी और निजी भूमि के अलावा 1.2 हेक्टेयर से अधिक वन भूमि भी परियोजना के क्षेत्र में आ रही है। मलिन बस्तियों काे भी हटाना होगा। करीब 2000 निर्माण परियोजना क्षेत्र में आ रहे हैं।
कॉरिडोर को मसूरी तक ले जाने का भी सुझाव
आर्किटेक्ट डीएस राणा ने बताया कि उत्तराखंड आर्किटेक्ट व इंजीनियर्स एसोसिएशन को लोनिवि की ओर से कार्यशाला में शामिल होकर अपने सुझाव देने के लिए आमंत्रित किया गया था। आर्किटेक्ट व इंजीनियर्स ने डिजाइन देखने के बाद उसे सराहा और कॉरिडोर को मसूरी तक ले जाने का सुझाव भी दिया, इस पर लोनिवि की ओर से कहा गया कि अभी यह पहला फेज है, अगले चरण में उस पर काम किया जाएगा।