राजधानी में महिला शिक्षक और एक सिक्योरिटी गार्ड ने फांसी लगाकर जान दे दी। खुदकुशी की वजह साफ नहीं हो सकी। महिला विकास नगर के राजकीय इंटर कालेज में टीचर थी। नेहरू कालोनी पुलिस को सोमवार तीसरे पहर सूचना मिली कि ज्योति विहार, अजबपुर कलां में एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
मौके पर जाकर पता चला कि मरने वाली कल्पना सेमवाल(42) पत्नी सुबोध सेमवाल हैं। थाना प्रभारी दिलबर नेगी ने बताया कि कल्पना सोमवार को दोपहर का खाना खाने के बाद अपने कमरे में चली गई थी। बाद में बेटा माँ के कमरे में गया तो अनहोनी का पता चला। कमरे में किसी तरह का सुसाइड नोट नहीं मिला। परिजन भी कारणों पर रोशनी नहीं डाल पा रहे है। महिला विकासनगर इलाके के राजकीय इंटर कालेज में टीचर थी।
खुदकुशी की दूसरी घटना रायपुर इलाके में हुई है। मयूर विहार क्षेत्र में एक निजी कम्पनी के निर्माणाधीन फ्लैटस में सिक्योरिटी गार्ड अंकित मनवाल (23) निवासी सोडा सरौली रायपुर का शव लटका मिला। अंकित निर्माणाधीन अपार्टमेंट में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। रात्रि में किसी समय चादर से फंदा बनाकर फांसी लगा ली। गार्ड ने मौत को क्यों गले लगाया है, अभी साफ नहीं हो सका है।