बेटी की शादी के कार्ड बांटने जा रहे एक व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा शुक्रवार शाम मोटरसाइकिल के गड्ढे में गिरने से हुआ। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसओ रायपुर दिलबर सिंह नेगी ने बताया कि हादसा शुक्रवार शाम को हुआ था। जानकारी के मुताबिक संतराम सिंह (50) निवासी बलबीर रोड की बेटी की 21 नवंबर को शादी है। वह अपनी पत्नी के भाई विनोद कुमार के साथ मोटरसाइकिल पर शादी के कार्ड बांटने जा रहे थे।
शुक्रवार शाम को राजीव नगर कंडोली की गली में उनकी मोटरसाइकिल गड्ढे में जा गिरी। इससे दोनों घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें कैलाश अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस के अनुसार विनोद कुमार की हालत तो सामान्य थी, लेकिन संतराम सिंह को काफी चोट आई थी। शनिवार को संतराम सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। एसओ ने बताया इस संबंध में आसपास के लोगों से हादसे की तस्दीक की गई है। हादसा सड़क पर मौजूद गड्ढे के कारण हुआ था।