भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को पहले नवरात्र के दिन पार्टी के प्रदेश कार्यालय का वर्चुअल शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि कार्यालय संगठन के कार्य के स्थायित्व व संस्कार देता है। उन्होंने पार्टी कार्यालय के बहाने विपक्षी दलों के परिवारवाद और भाई भतीजावाद पर भी तंज किया।
राजधानी में रिंग रोड के पास शनिवार को सबसे पहले प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत भूमि पूजन किया। प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार और राज्यमंत्री डॉ. धनसिंह रावत, प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार और राजू भंडारी समेत कई वरिष्ठ नेता कार्यक्रम शामिल हुए। इसके बाद प्रस्तावित कार्यालय भवन का दिल्ली स्थित राष्ट्रीय कार्यालय से नड्डा ने शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यालय आने वाले 50 सालों की आवश्यकताओं को पूरा करेगा। भवन निर्माण में मीडिया, सोशल मीडिया, डिजिटल लाइब्रेरी जैसी जरूरतों का भी ध्यान रखा गया है।
नड्डा ने कार्यालय के महत्व को पांच क से जोड़ा। कहा कि क से कार्यकर्ता, कार्यक्रम, कार्यकारिणी, कोष और कार्यालय से पार्टी चलती है। कार्यालय कार्यकर्ता को संस्कार देता है। जब कार्यालय किसी नेता के घर से चलता है तो पार्टी परिवार की हो जाती है। देश में किसी भी दल को देख लें। पार्टियां परिवार की बन गई हैं। दल भाई बहन को मां बेटे को बचाने में लगे हैं।
वह छोटे से परिवार तक सीमित हैं। लेकिन 18 करोड़ सदस्यों की पार्टी भाजपा एक परिवार के रूप में खड़ी है। भाजपा और दूसरे दलों में यही अंतर है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि नया पार्टी कार्यालय उत्तराखंड की संस्कृति व वास्तुकला से बनाया जाएगा। बलबीर रोड का कार्यालय में स्थानीय लोगों को हो रही परेशानी के लिए क्षमा मांगी। उन्होंने कहा कि नया कार्यालय बन जाने के बाद उनकी दिक्कतों का समाधान हो जाएगा।
उन्होंने बताया कि हर जिले में हमारे कार्यालय निर्माण हो रहा है। जिसमें कि कुछ कार्यालयों का निर्माण हो चुका है। प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा कि नया कार्यालय भव्य और दिव्य होगा। कार्यालय कार्यकर्ताओं की सहयोग निधि से तैयार होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे इसमें कुछ न कुछ योगदान अवश्य देंगे। कार्यक्रम का संचालन अनिल गोयल ने किया।
कार्यक्रम में दिल्ली से केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशांक, सांसद अजय टम्टा, अजय भट्ट, अनिल बलूनी ,राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, कार्यालय मंत्री महेन्द्र पांडेय शामिल हुए। जबकि देहरादून में महामंत्री संगठन अजेय कुमार उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सांसद तीरथ रावत, महारानी राज लक्ष्मी, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी व कुलदीप कुमार मंच पर उपस्थित थे। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, सुबोध उनियाल, रेखा आर्य व पार्टी के विधायक, पदाधिकारी दर्जाधारी, जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने दिया एक लाख चेक
मुख्यमंत्री ने कार्यालय भवन निर्माण के लिए अपनी ओर से एक लाख रुपये के योगदान का चेक भेंट किया। इस दौरान राज्यमंत्री धन सिंह रावत समेत कुछ अन्य विधायकों ने सहयोग निधि के रूप में संगठन को चेक सौंपे।