वार्डों में बराबर तैनात किए जाएंगे पर्यावरण मित्र
पार्षद अभिषेक पंत सहित कई पार्षदों ने मांग उठाई कि दून नगर निगम में कई वार्ड ऐसे हैं जहां पर 40-40 सफाईकर्मी तैनात हैं तो कई ऐसे भी हैं जहां 10 भी नहीं। ऐसे वर्तमान में तैनात सभी 2385 पर्यावरण मित्रों को समान मात्रा में सभी वार्डों में तैनात किया जाए। काफी देर तक इस मुद्दे पर चर्चा होती रही। बाद में मेयर ने सर्वसम्मति से इसे पास कर दिया। मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खन्ना ने कहा कि 26 मई तक सभी पार्षदों को उनके यहां तैनात सफाईकर्मियों की सूची दे दी जाएगी और एक जून से यह आदेश लागू हो जाएगा।
किन्नरों के लिए 5100 रुपये अधिकतम की धनराशि का प्रस्ताव पास
बोर्ड बैठक में पार्षदों ने किन्नरों के लिए अधिकतम बधाई तय करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की। इस दौरान पार्षद अमिता सिंह ने कहा जनहित में यह जरूरी है। सभी पार्षदों ने इस पर अपनी-अपनी बात रखी। बाद में इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पास किया गया। इसके तहत अब नगर निगम देहरादून में 5100 रुपये से अधिक बधाई नहीं मांगी जाएगी। इसके संबंध में नगर निगम की ओर से देहरादून में प्रचार-प्रसार किया जाएगा और साथ पुलिस-प्रशासन को पत्र लिखा जाएगा।
हमारे पर्यावरण मित्र पूरे शहर की गंदगी को साफ करते हैं। सदन ने 800 रुपये प्रतिदिन की मांग करते हुए प्रस्ताव रखा और पास कर दिया। इसके अलावा बधाई के नाम पर अधिकतम 5100 रुपये तय किए जाने का प्रस्ताव भी सदन में रखा गया।
-सौरभ थपलियाल, मेयर