दून में शुक्रवार से साहित्य के सितारों का जमावड़ा लगने जा रहा है। दून इंटरनेशनल स्कूल रिवरसाइड कैंपस में आज (शुक्रवार को) मुख्य अतिथि पद्मभूषण रस्किन बांड और विशिष्ट अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौर (सेनि) तीन दिवसीय देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल का शुभारंभ करेंगे। पहले दिन उद्घाटन समेत कुल छह सत्र आयोजित किए जाएंगे। अमर उजाला इस आयोजन का मीडिया पार्टनर है।
तीन दिवसीय आयोजन में साहित्यकारों, कवियों, कलाकारों, सिनेमा से जुड़ी हस्तियों और साहित्य प्रेमियों के स्वागत के लिए दून इंटरनेशनल स्कूल का रिवरसाइड कैंपस पूरी तरह तैयार है। स्कूल के मेन ऑडिटोरियम में दोपहर साढ़े तीन से चार बजे तक उद्घाटन सत्र होगा। इसमें पद्मभूषण रस्किन बांड और राज्यवर्धन सिंह राठौर समेत साहित्य, सिनेमा, कला जगत से जुड़ी तमाम शख्सियतें मौजूद रहेंगी। अगले सत्र में पद्मभूषण रस्किन बांड स्कूली बच्चों से संवाद करेंगे।
इसके अलावा चार अन्य सत्र भी आयोजित किए जाएंगे, जिसमें कई बड़े नाम शामिल होंगे। शाम साढ़े छह से साढ़े सात बजे तक द ताशकंद फाइल्स सत्र होगा, जिसमें पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की मौत के रहस्य पर आधारित फिल्म को लेकर चर्चा होगी। इसमें पूर्व प्रधानमंत्री के पुत्र सुनील शास्त्री और फिल्म निर्देशक विवेक रंजन अग्निहोत्री से अक्षय राठी संवाद करेंगे। दिन के अंतिम सत्र में सुनंदा मेहता करन थापर से द डेविल्स एडवोकेट रिविलिंग द ट्रूथ को लेकर बातचीत करेंगी।
शनिवार 12 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से शाम आठ बजे तक कुल 22 सत्र आयोजित होंगे। अंतिम दिन रविवार 13 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से शाम आठ बजे तक 17 सत्र होंगे। इस दौरान कई किताबों का विमोचन और पुस्तक चर्चा भी होगी। साथ ही साहित्य और लेखन से जुड़े सत्र भी आयोजित होंगे। अंग्रेजी साहित्य के साथ ही हिंदी कविता और लेखन पर भी चर्चा होगी। आयोजन में मार्क टुली, करन थापर, इम्तियाज अली, रेखा भारद्वाज, विशाल भारद्वाज, पंकज कपूर समेत कई नामी हस्तियां शामिल होंगी।
पंजीकरण के बाद ही मिलेगा प्रवेश
तीन दिवसीय कार्यक्रम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। वेबसाइट (
WWW.dehradunliteraturefestival.com) पर शुक्रवार तक पंजीकरण कराया जा सकता है। कार्यक्रम के संबंध में अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर
8588811959 पर संपर्क किया जा सकता है।