देहरादून में राजकीय बालिका निकेतन केदारपुरम से शुक्रवार को किशोरी के फरार होने के मामले का बाल आयोग ने संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया है। आयोग की अध्यक्ष ऊषा नेगी ने कहा कि बालिका के साथ कोई अप्रिय घटना न हो इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
बाल आयोग की अध्यक्ष ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए निर्देश में कहा कि बिहार निवासी 15 वर्षीय किशोरी को देहरादून में घूमते हुए पाया गया था। पुलिस की सूचना के आधार पर बालिका को बालिका निकेतन के क्वारंटीन सेंटर में रखा गया।
इसे जिला बाल कल्याण समिति देहरादून की ओर से बिहार की जिला बाल कल्याण समिति को सौंपे जाने की कार्रवाई की जा रही थी। लेकिन वह शुक्रवार को सुबह 10 बजे बालिका निकेतन से फरार हो गई। बाल आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि बालिका निकेतन के आसपास दीपनगर आदि बस्तियों में बिहार के मजदूर तबके के लोग बड़ी संख्या में रहते हैं।
ऐसी आशंका है कि बालिका इन बिहार के निवासियों के संपर्क में हो सकती है। बालिका के साथ कोई अप्रिय घटना न हो इसके लिए सोशल मीडिया पर वायरल खबर एवं बालिका का फोटो समस्त थानों में अति शीघ्र भेजा जाए। आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि इस संबंध में नेहरू कॉलोनी थाने में बालिका की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।