प्रेमनगर के जामुनवाला में युवती की हत्या कर शव जंगल में कूड़े के ढेर में फेंकने के मामले में पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग मिला है। घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की जांच में 17 नवंबर की रात एक संदिग्ध कार वहां से गुजरती दिखाई दी है। पुलिस अब कार के संबंध में जानकारी जुटा रही है। वहीं, हत्यारोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस ने चार अलग-अलग टीमें गठित की हैं। ये टीमें सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ सर्विलांस और अन्य माध्यमों से संदिग्धों की तलाश कर रही हैं।
बुधवार शाम करीब छह बजे जामुनवाला के जंगल में कूड़े के ढेर के पास एक महिला का शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को महिला के चेहरे और गले पर धारदार हथियार से किए गए गहरे घाव मिले थे। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई कि महिला की हत्या किसी दूसरी जगह पर की गई और पहचान छिपाने के लिए शव को जंगल में कूड़े के ढेर के पास फेंका गया। शव को छिपाने का प्रयास भी किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर संबंधित क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में चार टीमें बनाई गई हैं। पुलिस घटनास्थल तक पहुंचने वाले और वहां से निकलने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसी दौरान 17 नवंबर की रात घटनास्थल के पास से गुजरती एक संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस इस कार की आवाजाही और उसमें सवार लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
ये भी पढे़ं...बदरीनाथ धाम: शीतकालीन तपस्या के लिए 25 साधुओं ने लगाई अर्जी, पुलिस सत्यापन के बाद ही मिलेगा प्रवेश
शिनाख्त के लिए दूसरे जिलों और राज्यों से संपर्क
अब तक मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने महिला की तस्वीर और हाथ पर बने टैटू की फोटो सोशल मीडिया पर प्रसारित कर शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए हैं। इसके अलावा देहरादून के अन्य थानों के साथ आसपास के जिलों और राज्यों से भी लापता महिलाओं का ब्योरा जुटाया जा रहा है। घटनास्थल से फॉरेंसिक और एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। चौकी प्रभारी बिधौली की ओर से हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मामले की विवेचना प्रेमनगर थानाध्यक्ष कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध कार से जुड़े सुरागों की जांच की जा रही है और जल्द घटना का खुलासा करने का प्रयास है।