राजधानी देहरादून में शनिवार रात 10:05 बजे एयर रेड सायरन बजने के साथ ही नाइट एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल की शुरुआत हो गई। सायरन की आवाज सुनाई देते ही कई इलाकों में लोगों ने अपने घरों की लाइटें बंद कर दीं। सिविल डिफेंस की ओर से यह अभ्यास किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। अभ्यास के दौरान लगभग 25 मिनट तक ब्लैकआउट रखा गया है। तय कार्यक्रम के अनुसार रात 10:30 बजे 2 मिनट के लिए दोबारा सायरन बजाया जाएगा, जिसके बाद ‘ऑल क्लियर’ का संकेत मिलने पर नागरिक घरों की लाइटें पुनः जला सकेंगे।
मॉकड्रिल: आशारोडी में हादसा, आठ घायल तो सीएनजी पंप पर लगी आग
आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर शनिवार को 33 विभिन्न स्थानों पर व्यापक जागरूकता अभियान, सुरक्षा ऑडिट और मॉक अभ्यास आयोजित किए गए। प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं से निपटने के लिए संबंधित विभागों की तैयारियों को परखा गया। अधिकारियों ने त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता तथा आपसी समन्वय की जांच की।
कोरोनेशन अस्पताल, सीएनजी स्टेशन ट्रांसपोर्ट नगर, आशारोड़ी मोहब्बेवाला और क्रॉसरोड मॉल जैसे स्थलों पर मॉक अभ्यास किए गए। खराब मौसम, भगदड़, बादल फटना और अचानक बाढ़ जैसी आपातकालीन स्थितियों का अभ्यास हुआ। जिला आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम से सभी स्थलों की लाइव स्ट्रीमिंग की गई। विभिन्न गतिविधियों की निगरानी और समन्वय सुनिश्चित किया गया।
आशारोड़ी में सड़क दुर्घटना का मॉक अभ्यास
आशारोड़ी चेकपोस्ट के निकट सड़क दुर्घटना पर आधारित मॉक अभ्यास आयोजित किया गया। राहत दलों ने समयबद्ध कार्रवाई करते हुए राहत और बचाव कार्यों को अंजाम दिया। दुर्घटना में कुल आठ घायलों को रेस्क्यू किया गया। दो गंभीर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। छह सामान्य घायलों को मेडिकल एड पोस्ट पर प्राथमिक उपचार दिया गया। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित सीएनजी स्टेशन की मुख्य पाइपलाइन में गैस रिसाव से आग लग गई। स्टेट फायर, एनडीआरएफ, सिविल डिफेंस और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। इस हादसे में सात लोग गंभीर रूप से झुलस गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल भिजवाया।
ये भी पढ़ें...कोटद्वार हादसा: दर्दनाक तस्वीरें, सात महिलाओं की मौत, किसी ने मां तो किसी ने पत्नी को खोया, परिवारों में मातम
दून अस्पताल में भूकंप पर मॉक ड्रिल
दून अस्पताल में भूकंप की वजह से मची भगदड़ से निपटने के लिए मॉक ड्रिल की गई। अस्पताल की इमरजेंसी में भगदड़ मचने पर लोग इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही एनडीआरएफ और एसडीआरएफ सहित अन्य विभागों की टीमें मौके पर पहुंची। राहत टीमों ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति को संभाला और घायलों को मदद पहुंचाई। दून अस्पताल के अलावा अन्य परिसरों में भी सुरक्षा प्रबंधों की कड़ी जांच की गई। अधिकारियों ने सभी स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।