पर्यटन विभाग के अधिकारी और पार्षद भी मौके पर पहुंचे
गुच्चूपानी में तबाही की सूचना पर पर्यटन विभाग के अधिकारी और पार्षद भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने नुकसान का आकलन किया। इस दौरान दुकानदारों ने अपनी बात रखी। पार्षद सागर लामा ने भी लोगों से बात की। उन्होंने नगर निगम और प्रशासनिक अधिकारियों को नुकसान से अवगत कराया।
दुकानदारों का भड़का गुस्सा, कहा- पर्यटन विभाग ने कुछ नहीं दिया
गुच्चूपानी के दुकानदारों में आक्रोश देखने को मिला। दुकानदारों ने कहा कि पर्यटक सीजन शुरु होने पर विभाग की टीम आती है और हर साल 10 प्रतिशत टैक्स बढ़ा दिया जाता है लेकिन सुविधा के नाम पर उन्हें कुछ नहीं दिया जाता। दुकानों और नदी के बीच एक मजबूत पुश्ता बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही है लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इसके अलावा गर्मी में यहां पानी कम हो जाता है। ऐसे में पानी रोककर छोड़ने की व्यवस्था करने की भी कई बार मांग की गई लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है।