दीपावली पर बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने के लिए परिवहन निगम ने 100 अतिरिक्त बसें संचालित करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा कई बसों के फेरे भी बढ़ाए जाएंगे। दूसरी ओर चालकों परिचालकों के अवकाश पर भी रोक लगा दी है। विशेष परिस्थितियों में मंडली प्रबंधकों व सहायक महाप्रबंधक की अनुमति से अवकाश स्वीकृत होंगे।
परिवहन निगम के महाप्रबंधक दीपक जैन ने बताया कि दीपावली पर बड़ी संख्या में लोग घर जाते हैं। ऐसे में बसों में भीड़ अचानक बढ़ जाती है। इसके मद्देनजर दीपावली पर 100 अतिरिक्त बसें संचालित करने की योजना बनायी गई है। दिल्ली, गुरुग्राम, चंडीगढ़, जयपुर के लिए वर्तमान में संचालित बसों के अलावा 20 फीसदी अतिरिक्त बसें संचालित की जाएंगी।
कई बसों के फेरे भी बढ़ाए जाएंगे। महाप्रबंधक दीपक जैन ने बताया कि दीपावली के दौरान बसों का संचालन करने वाले चालकों-परिचालकों को पिछले साल की भांति इस साल भी प्रोत्साहन भत्ता दिया जाएगा। प्रोत्साहन भत्ते की धनराशि कितनी होगी, इस संबंध में जल्द ही कोई अंतिम निर्णय लिया जाएगा।