बदलते भारत, बदलते समय की मांग पर गुरुकुल को आगे बढ़ाएं
रक्षा मंत्री ने कहा, मैकाले शिक्षा पद्धति ने देश को राजनीतिक, सामाजिक और मानसिक रूप से गुलाम बनाया। स्वामी दर्शनानंद ने गुरुकुल की स्थापना कर इस दिशा में प्रकाश फैलाया, जो आज भी युवाओं को प्रकाशित कर रहा है। कहा, गुरुकुल प्राचीन शिक्षा के साथ-साथ नई-नई तकनीक विकसित कर बाकी देशों से भारत को भी आगे बढ़ाएं। बदलते भारत, बदलते समय की मांग पर गुरुकुल को आगे बढ़ाएं।
रक्षामंत्री ने पूछी बाल उगाने की विधा
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, लोग नाखूनों को आपस रगड़कर बालों को काला करने की कोशिश करते हैं। मैं बाबा रामदेव से पूछना चाहता हूं कि अगर नाखूनों को आपस में रगड़ने से बालों को काला किया जा सकता है, तो क्या नाखूनों को रगड़कर सिर पर फिर से बाल उगाए जा सकते हैं। उन्होंने चुटीले अंदाज में पूछा, क्या इसकी विधा आपके पास है या नहीं।
यादव के सीएम बनने से यूपी से बिहार तक लग रहे झटके
राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने मध्य प्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव पर बोलते हुए कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोहन यादव को मुख्यमंत्री बनाकर ऐसी मोहनी विद्या चली कि वह सीएम तो एमपी के बने हैं, लेकिन झटके उत्तर प्रदेश से लेकर बिहार तक महसूस हो रहे हैं।
पतंजलि योग पीठ का 29वां स्थापना दिवस
पतंजलि योग पीठ का 29वां स्थापना दिवस और स्वामी दयानंद सरस्वती की 200वीं जयंती तथा गुरुकुल के संस्थापक स्वामी दर्शनानंद की जयंती के अवसर पर यह कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 118 साल पहले स्वामी दर्शनानंद द्वारा तीन बीघे जमीन, तीन ब्रह्मचारी और तीन चवन्नियों के साथ शुरू किए गए गुरुकुल का नाम स्वामी दर्शनानंद गुरुकुल महाविद्यालय ज्वालापुर होगा। 10 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पतंजलि गुरुकुलम के नए सात मंजिला परिसर में करीब 1500 छात्रों के लिए आवासीय सुविधाएं भी होंगी।
बोले सीएम धामी- हर जगह हो रहा काम
कार्यक्रम में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भगवान राम फिर से अयोध्या में विराजमान हो रहे हैं। आज चाहे काशी विश्वनाथ के भव्य कॉरिडोर का निर्माण हो या बद्रीनाथ का मास्टर प्लान और केदारनाथ का पुनर्निर्माण हो। हर जगह काम हो रहा है।