हरिद्वार में गंगा में डूबे जींद (हरियाणा) के एसडीओ मालवेंद्र शर्मा का डीएम के आदेश पर दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया। पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह डूबना आने के बाद भी विसरा सुरक्षित रख लिया है।
परिजनों की मांग पर दोबारा किए गए पोस्टमार्टम में भी मौत का कारण डूबना ही बताया गया।
मंगलवार को हुई मौत
चंडीघाट पुल के पास नीलधारा की मुख्य धारा में डूबने से मंगलवार को हरियाणा के पीडब्लूडी विभाग के एप्लीमेंट हेल्थ डिपार्टमेंट के एसडीओ मालवेंद्र शर्मा (55) निवासी जींद, हरियाणा की मौत हो गई थी।
गंगा घाट से कपडे़, जूते एवं आईडी प्रूफ बरामद होने पर उनकी पहचान हुई थी। मंगलवार देर रात मृतक के बड़े भाई मोहेंद्र पाल शर्मा, बेटा अमन शर्मा और साढ़ू रमेश शर्मा हरिद्वार पहुंचे।
बुधवार सुबह हुए पोस्टमार्टम में मौत की वजह डूबना सामने आया। परिजनों ने तरह-तरह की आशंका जताते हुए एक बार फिर से पोस्टमार्टम को कहा।
विसरा सुरक्षित
जिलाधिकारी डी सेंथिल पांडियन के आदेश पर डॉक्टरों के पैनल ने एक बार फिर से पोस्टमार्टम कर विसरा सुरक्षित रख लिया। दूसरे पीएम में भी मौत का कारण डूबना बताया गया।
रोड़ीबेलवाला चौकी प्रभारी लखपत सिंह बुटोला ने बताया कि रोहतक में तैनात एसडीओ यहां कैसे पहुंचे, यह परिजन भी नहीं बता पाए। पोस्टमार्टम के बाद शव उनकी सुपुर्दगी में दे दिया गया।