पिछले डेढ़ माह से लापता चल रहे पौड़ी जिले के युवकों में से एक का शव मंदाकिनी नदी से मिला है, जबकि उसके एक साथी और बाइक का पता नहीं चल पाया है।
जिले के बड़मा पट्टीके घणतगांव निवासी विमल रावत और वीरौं निवासी विनोद रावत 16 नवंबर से लापता चल रहे थे। विमल पौड़ी जिले के जीआईसी बैजरों में क्लर्क पद पर तैनात थे।
प्रधानाचार्य ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट
कार्यालय नहीं लौटने पर प्रधानाचार्य की ओर से 21 नवंबर को राजस्व पुलिस चौकी बंगारस्यूं में गुमशुदगी दर्ज कराई गई, जबकि विनोद की गुमशुदगी पुलिस चौकी अगस्त्यमुनि में दर्ज कराई गई। वह विजयनगर में फोटोग्राफी का कार्य करता था।
गुमशुदगी दर्ज होने के बाद जब पुलिस ने जांच शुरू की, तो यह सामने आया कि दोनों आखिरी बार 16 नवंबर को रुद्रप्रयाग में एक साथ देखे गए थे और रात में बाइक से निकले थे। नदी में गिरने की आशंका को देखते हुए पुलिस उनकी तलाश नदी किनारे कर रही थी।
नदी किनारे मिला शव
वरिष्ठ पुलिस उप निरीक्षक जयपाल नेगी ने बताया कि मंगलवार शाम एक शव चट्टान के निकट नदी में मिला। शव की पहचान विमल के रूप में की गई।
बुधवार को सारी प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। उन्होंने बताया कि दूसरे लापता युवक विनोद और बाइक की तलाश की जा रही है।