बमणगांव-जखोली पैदल मार्ग पर खाई में एक युवक का शव मिला है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया युवक की मौत गिरने की वजह से लग रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने देखा शव
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह लगभग साढ़े छह बजे बमणगांव-जखोली पैदल मार्ग पर कुछ ग्रामीणों ने खाई में युवक का शव देखा। उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया।
मृतक की शिनाख्त गजेंद्र भट्ट पुत्र चिंतामणि भट्ट निवासी बमणगांव ललूड़ी के रूप में हुई है। मृतक खंड विकास कार्यालय जखोली में संविदा पर कंप्यूटर आपरेटर के तौर पर कार्यरत था।
शव पोस्टमार्टम को भेजा
चौकी प्रभारी सुबोध ममगाईं ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं गजेंद्र के आकस्मिक निधन पर जखोली में व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद कर शोक प्रकट किया गया।