देहरादून के डीएवी पीजी कॉलेज से बीए पास करने वाला जीत कमल जल्द ही एक बॉलीवुड फिल्म में हीरोगिरी दिखाते हुए नजर आएंगे।
जीत कमल को फिल्म ‘मकड़जाला : द पॉलिटिकल ट्रैप’ में लीड रोल मिला है। इस फिल्म में उनके साथ टीवी और फिल्मी दुनिया के कई सितारे अपनी अदाकारी का जौहर दिखा रहे हैं। फिल्म अक्टूबर तक रिलीज हो सकती है।
‘मिस्टर फोटोजेनिक’ का खिताब जीता
बुड्ड़ी गांव निवासी जीत कमल ने बताया कि उन्होंने अपनी प्राथमिक शिक्षा दून से ही प्राप्त करने के बाद डीएवी पीजी कॉलेज से बीए पास किया। इसके बाद एक संस्थान से फैशन डिजाइनिंग का कोर्स किया था। इसके बाद गत वर्ष आयोजित हुए मिस्टर इंडिया ग्लोबल कांटेस्ट में ‘मिस्टर फोटोजेनिक’ का खिताब जीता।
इस बीच उन्हें एक पंजाबी फिल्म ‘बोलो ता रा रा’ में लीड रोल मिला। छोटे से फिल्म सफर में उनके यह पहली हिंदी फिल्म है। फिल्म में वह एक कॉलेज गोइंग छात्र का किरदार निभा रहे हैं। कॉलेज की स्टूडेंट लाइफ और इसके इर्द गिर्द बनाए गए पॉलिटिकल ट्रैप में ही फिल्म की पूरी कहानी चलती है। उनके साथ उनकी को स्टार के तौर पर टीवी अभिनेत्री अश्मिता बख्शी है।
शूटिंग देश के विभिन्न हिस्सों में
इसके अलावा अनयाना चौधरी और अमित पुंडीर भी फिल्म में अहम किरदार निभा रहे हैं। दिनेश कुमार साहू द्वारा निर्देशित इस फिल्म की शूटिंग देश के विभिन्न हिस्सों में पूरी हो चुकी है। जल्द ही फिल्म का म्यूजिक एलबम लांच होने जा रहा है। अक्टूबर तक फिल्म फ्लोर पर आने की संभावना जताई जा रही है। इसके प्रमोशन के लिए जीत कमल अपने शहर दून भी आएंगे। मकड़जाला में वरिष्ठ अदाकार मुस्ताक खान, प्यारेलाल और चंद्रकांत तनेजा भी दिखाई देंगे।