संवाद न्यूज एजेंसी
साहिया। मटियावा गांव की बेटियों ने ग्राम दोहा में चालदा महासू देवता की पालकी निर्माण के लिए सोना भेंट किया। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बेटियों को सम्मानित किया। इस दौरान पारंपरिक लोक गीतों पर महिलाओं ने नृत्य की प्रस्तुति भी दी।
बेटियों ने सबसे पहले ग्राम टगरी स्थित महासू देवता मंदिर में चांदी का धुपनियारा चढ़ाया। इसके पश्चात लगभग डेढ़ सौ की संख्या में अविवाहित व विवाहित बेटियां बैंड-बाजों के साथ नाचते-गाते दोहा गांव स्थित चालदा महासू देवता मंदिर पहुंचे। मंदिर समिति ने बेटियों का जोरदार स्वागत किया। इसके पश्चात उन्होंने एक तोला सोना देवता की पालकी निर्माण के लिए समिति को भेंट किया। साथ ही विशाल भंडारा करके प्रसाद का वितरण भी किया। इस मौके पर मंदिर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। गांव की बेटियों व पुरुषों ने जैंता, रासो व हारुल नृत्य किया।
इस दौरान देव पुजारी अतर जोशी, माली रघुवीर, अध्यक्ष राजेंद्र तोमर, अतर सिंह, महावीर सिंह चौहान, संजीव चौहान, इंदिरा राय, भज्जो देवी, बबली देवी, झूलो देवी, मीना देवी, नारो देवी, कविता देवी, जूना देवी, पूर्णिमा देवी, किकरी देवी आदि उपस्थित रहे।