आबादी का दबाव बढ़ रहा: जोशी
पर्यावरणविद् पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने कहा कि आर्थिकी और पारिस्थितिकीय के बीच लगातार असंतुलन बढ़ रहा है। इससे गांव से लेकर शहर तक सब लोग परेशान हैं। असंतुलन के कारण गांव खाली हो रहे हैं और शहरों में आबादी का दबाव बढ़ रहा है।
मुंबई से शुरू हुई प्रगति से प्रकृति पथ साइकिल यात्रा आठवें दिन रविवार को महाराष्ट्र के धुले जिले में पहुंची। गांव में उन्होंने लोगों को पर्यावरण और प्रकृति के प्रति जागरूक किया। पारंपरिक तौर से मोमबत्ती बनाने वाले लोगों से डॉ. जोशी ने मुलाकात कर व्यवसाय के बारे में जानकारी ली। जुलाल भिलाजीराव पाटिल कॉलेज में आयोजित संगोष्ठी में डॉ. जोशी ने कहा कि अगर देश गांधी के रास्ते चलता तो शायद बेहतर संतुलन में होता। लेकिन आज आर्थिक और पारिस्थितिकीय के बीच असंतुलन बढ़ रहा है।
पानी को हम दो रूप में जानते हैं। एक सूखा और दूसरा बाढ़ की स्थिति में। पारिस्थितिकीय में जब भी कोई बड़ी आपदा आती है तो उसका सबसे ज्यादा नुकसान गांव के लोग भी झेलते हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह विकास के लिए पश्चिमी देशों के मॉडल हैं।
ये भी पढ़ें... Uttarakhand News: कपाट बंद होने से पहले केदारनाथ आ सकते हैं पीएम मोदी, बदरीनाथ आने की भी चर्चा
आज यूरोपियन मॉडल के हालात ये हैं कि वहां 41 से 45 डिग्री तक तापमान पहुंच गया है। चंद्रमा और मंगल पर जाने की बात हो रही है, लेकिन धरती को बचाने के लिए नहीं सोच रहे हैं। जोशी ने कहा कि दुनिया में अर्थव्यवस्था में हम पांचवें नंबर पर हैं, हमें इकॉलोजी में भी आगे होना चाहिए।