राजधानी देहरादून में गांधी जयंती के उपलक्ष्य आयोजित क्रॉस कंट्री में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज और एमकेपी इंटर कॉलेज के खिलाड़ियों ने अपना दबदबा बनाया। अंडर-14 बालक वर्ग में टॉप-6 और ओपन वर्ग के टॉप-5 में स्पोर्ट्स कॉलेज के खिलाड़ियों ने अपना कब्जा जमाया। वहीं बालिका अंडर-14 वर्ग में एमकेपी इंटर कॉलेज और ओपन वर्ग के राजकीय प्राथमिक विद्यालय रायपुर की खिलाड़ी ने पहला स्थान प्राप्त किया।
विनोद पोखरियाल ने हरी झंडी दिखाई
जिला खेल कार्यालय के तत्वावधान में मंगलवार सुबह सवा 8 बजे पूर्व अंतरराष्ट्रीय एथलीट विनोद पोखरियाल ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ की शुरुआत कराई। सबसे पहले अंडर-14 बालिका वर्ग की दौड़ हुई। करीब 6 किलोमीटर की दौड़ एस्लेहॉल चौक से शुरू होकर दिलाराम चौक से होते हुए वापस एस्लेहॉल चौक पर पहुंचकर समाप्त हुई।
अंडर-14 बालक व बालिका ओपन वर्ग की करीब 8 किलोमीटर दौड़ एस्लेहॉल चौक से आरटीओ होते हुए वापस एस्लेहॉल पर समाप्त हुई। वहीं बालक ओपन वर्ग की करीब 14 किलोमीटर लंबी दौड़ एस्लेहॉल चौक से राजपुर रोड, मसूरी डायवर्जन होते हुए वापस एस्लेहॉल पर आकर खत्म हुई।
वेटरन वर्ग की रेस उत्तराखंड परिवहन निगम के मुकेश राणा ने जीती। इसमें स्पोर्ट्स कॉलेज के नवीन परिहार ने पहले स्थान पर रहे। समापन समारोह में जिला खेल अधिकारी राजेश ममगाईं ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर पूर्व राष्ट्रीय एथलेटिक्स कोच गुरफुल सिंह, कुमार थापा, नवनीत सेठी, शबाली गुरुंग, दीपक रावत, लोकेश कुमार, रंजीत थापा, गमाल सिंह रावत आदि उपस्थित थे।
ट्रैफिक से बचना हुआ मुश्किल
क्रॉस कंट्री के दौरान राजपुर रोड पर जीएमवीएन कार्यालय से कैनाल रोड चौक के बीच खिलाड़ियों के लिए ट्रैफिक से बचना मुश्किल हो रहा था। दरअसल दौड़ के लिए एस्लेहाल चौक से मसूरी डायवर्जन तक एक तरफ का रास्ता दौड़ के लिए आरक्षित किया गया था। मगर करीब 20 मीटर की सड़क तंग होने के कारण दोनों से वाहनों का आवागमन जारी था। इस कारण खिलाड़ियों को किसी तरह वाहनों से बचकर निकलना पड़ा। इस दौरान कई बार खिलाड़ी वाहनों से टकराने से भी बचे।
वन वे ट्रैफिक से लगा जाम
राजपुर रोड पर क्रॉस कंट्री के कारण वन-वे ट्रैफिक लागू किया गया था। मगर इससे कई जगह जाम की स्थिति भी बन गई। आरटीओ ऑफिस से जाखन के बीच दो स्कूली बसों के फंसने से करीब 20 मिनट तक जाम लगा रहा। इस कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जिस कारण कैनाल रोड पर भी वाहनों का दबाव बढ़ गया। वहीं बहल चौक से ट्रैफिक ईसी रोड की ओर मोड़ने के कारण भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
वर्ग
प्रथम
द्वितीय
तृतीय
अंडर-14 बालक
शुभम चौधरी
राहुल कुमार
आदित्य
अंडर- 14 बालिका
शीतल
ममता भट्ट
श्वेता कुमारी
ओपन बालक
नवीन परिहार
पिंचू कुमार
नीशु कुमार
ओपन बालिका
रिंकी कुमारी
सुनीता जोशी
अनीता मलेठा
वेटरन
मुकेश राणा
संजय थापा
जेएस सचदेवा