भाई को बहन की शादी के लिए पैसे चाहिए थे। कहीं इंतजाम नहीं हो पाया तो भाई ने प्लंबर का काम छोड़ ये अपराध कर डाला।
सहारनपुर चौक के पास आईडीबीआई बैंक के एटीएम में तैनात गार्ड को घायल कर एटीएम से कैश लूटने का प्रयास करने वाले बदमाश को पुलिस ने आखिरकार एक सप्ताह बाद रविवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बदमाश के साथ उसके रिश्तेदार को भी दबोचा है। उसकी निशानदेही से स्कूटी और वारदात के दौरान पहने हुए कपड़े भी बरामद हो गए हैं।
आमिर के नौ भाई बहन हैं। चार बहनों में तीसरे नंबर की बहन की 18 दिसंबर को शादी है। आमिर प्लंबर है, उसके पास पैसों की खासी किल्लत थी। वहीं, घर वाले उससे पैसे मांग रहे थे। बहन की शादी के लिए खर्च जुटाने को ही उसने एटीएम लूटने की प्लानिंग की।
दो दिसंबर की रात आईडीबीआई बैंक के एटीएम में तैनात सुरक्षा गार्ड राजेंद्र सिंह निवासी श्री देव सुमन नगर को बेहोशी की हालत में पुलिस ने एटीएम बूथ के अंदर से बरामद किया था।
राजेंद्र सिंह के सिर में चोट के निशान थे और वह खून से लथपथ थे। आरोपी ने उनपर हथौड़े से वार कर मशीन तोड़कर कैश लूटने की कोशिश की थी। पुलिस ने गार्ड को अस्पताल में भर्ती कराकर मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।
एसपी सिटी प्रदीप राय के मुताबिक एटीएम तोड़कर कैश लूटने की कोशिश करने वाले बदमाश की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी के निर्देश पर टीमें बनाई गई थीं। पुलिस ने एटीएम बूथ के अलावा आसपास के प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज एकत्र कर छानबीन शुरू कर दी।
एटीएम से घटना के दौरान की कैश ट्रांजेक्शन की डिटेल जुटाने पर पता चला कि बदमाश ने पीएनबी और एसबीआई के कार्ड स्वैप किए थे, लेकिन ट्रांजेक्शन नहीं हुई। पुलिस ने दोनों ही एटीएम कार्ड की संबंधित बैंकों से डिटेल जुटाई।
जानकारी मिली कि एक दिसंबर को भी दरबार झंडा साहिब स्थित एसबीआई के एटीएम से दोनों ही कार्ड से ट्रांजेक्शन करने की कोशिश की गई थी। पुलिस ने उक्त एटीएम से बदमाश की फुटेज बरामद कर ली।
एसपी सिटी के मुताबिक फुटेज के आधार पर पुलिस ने बदमाश की छानबीन शुरू कर दी। कोतवाली पटेलनगर में तैनात महिला कांस्टेबल मंजू और रमिता रावत को उक्त हुलिए के युवक के देहराखास में रहने की सूचना मिली। पटेल नगर कोतवाली पुलिस ने टीम गठित की और रविवार सुबह करीब पौने चार बजे उक्त हुलिए के युवक को लाल पुल के पास से दबोच लिया। एसपी सिटी ने बताया कि युवक का नाम मो आमिर निवासी मोहल्ला जाटान, थाना कोतवाली बिजनौर है।
हथोड़ा से फोड़ दिया था गार्ड का सिर
पूछताछ में आमिर ने बताया कि वह दो दिसंबर को सहारनपुर चौक स्थित आईडीबीआई के एटीएम पहुंचा। वहां से भी कैश निकालने की कोशिश की, लेकिन कैश नहीं निकला। वहां तैनात सुरक्षा गार्ड ने समझा एटीएम में कैश खत्म हो गया। गार्ड ने एटीएम मशीन का ऊपरी पेनल चाभी से खोलकर उसका सर्वर बंद कर दिया। आमिर के दिमाग में यहीं से एटीएम से कैश लूटने की प्लानिंग शुरू हो गई।
उसे लगा कि एटीएम की चाभी गार्ड के पास ही रहती है। जबकि चाभी कैश बाक्स नहीं बल्कि पैनल खोलने की थी। एसपी सिटी के मुताबिक आमिर वापस लौट गया और प्लानिंग के तहत रात 11 बजे हथौड़ा लेकर स्कूटी से दोबारा पहुंचा। उस वक्त वहां गार्ड की ड्यूटी बदल गई थी। आमिर ने शटर नीचे कर सोते हुए गार्ड के सिर पर हथोड़े से वार कर दिए और फिर उसे मरा समझकर चाभी ढूंढी।
चाभी नहीं मिली तो मशीन तोड़ने का प्रयास किया और फिर मशीन नहीं टूटने पर भाग गया। पुलिस ने आमिर के जीजा तसलीम निवासी नगीना को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि तसलीम को आमिर द्वारा वारदात को अंजाम देने की जानकारी थी।