देहरादून से आए मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर बेटी से मारपीट का आरोप लगाते हुए मायापुर पुलिस चौकी पर जमकर हंगामा काटा। चौकी परिसर में सास ने दामाद को थप्पड़ जड़ने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हुई। कई घंटों तक चले हंगामे के बाद युवती ने अपने पति व सास के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
देहरादून के जीएमएस रोड की रहने वाली साधना अरोड़ा की बेटी मोना की शादी सात वर्ष पूर्व गौरव मेहता पुत्र चंद्रमोहन मेहता निवासी भार्गव लेन, देवपुरा चौक से हुई थी।
आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष उनकी बेटी का उत्पीड़न कर रहा है। आरोप है कि दो दिन पूर्व सास कविता मेहता ने बहू की बुरी तरह पिटाई कर दी। पति ने भी मां का साथ दिया।
दामाद को देखते ही चढ़ा पारा, मारने दौड़ी थप्पड़
बेटी साधना की पिटाई की खबर जब मां मोना को मिली तो वह देहरादून से अपने रिश्तेदारों के साथ पहुंच गई। बेटी को ससुराल से लेकर मां सीधे मायापुर चौकी पहुंच गई। चंद्रमोहन मेहता भी चौकी पर पहुंच गए। कुछ देर बाद जैसे ही दामाद गौरव मेहता पहुंचा तब गुस्साई सास ने उसे थप्पड़ जड़ना चाहा लेकिन रिश्तेदारों ने रोक लिया।
इधर, पीड़ित विवाहिता मोना ने ससुराल पक्ष से जान का खतरा जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। ससुराल पक्ष के समर्थन में महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष मोनिका जैन, भाजपा नेता किशन बजाज भी चौकी में डेरा डाले हुए थे। चौकी प्रभारी दुर्गेश चंद्र ने बताया कि विवाहिता ने तहरीर दी है, मामले की जांच कर रहे हैं। दूसरी ओर आरोपी पक्ष ने आरोपों को गलत बताया।