शराब तस्कर अब पुलिस, आबकारी विभाग से बचने के लिए राजनीतिक दलों के झंडों का इस्तेमाल करने लगे हैं। ऐसे ही एक मामले में आबकारी टीम ने भाजपा का झंडा लगे वाहन से 80 हजार की शराब बरामद की है। मामले में हरियाणा निवासी दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
ऋषिकेश में होनी थी सप्लाई
आबकारी टीम को शुक्रवार को एक एंबेसडर कार में चंडीगढ़ से शराब की खेप आने की सूचना मिली थी। दोपहर में आबकारी निरीक्षक शुजात हसन और लक्ष्मण सिंह की अगुवाई में टीम ने तेलपुरा के पास कार रोककर तलाशी की तो 108 बोतलें बरामद हुईं।
कारसवार संजीव कुमार और प्रवीण कुमार दोनों निवासी यमुनानगर हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे यह शराब चंडीगढ़ से लाए थे, जिसे ऋषिकेश पहुंचाया जाना था।
लंबे समय से कर रहे तस्करी
इंस्पेक्टर पीएस राणा ने बताया कि दोनों लंबे समय से तस्करी कर रहे हैं, लेकिन पहली बार पकड़े गए हैं। बताया कि पूछताछ में दोनों ने बताया कि भाजपा का झंडा उन्होंने तलाशी से बचने के लिए लगाया था।