कोतवाली विकासनगर के अंतर्गत मुखबिर की सूचना पर चरस पकड़ने की पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने लाठी डंडों से हमला बोल दिया। घटना मंगलवार देर रात कोतवाली विकासनगर के मेहूवाला खालसा गांव का है।
एलआईयू इंस्पेक्टर योगेश चंद्र ने मुखबिर की सूचना पर दारोगा अरविंद डंगवाल, सिपाही शादाब सहित अन्य पुलिस कर्मियों के साथ खालसा गांव में एक घर में छापा मारा। मौके से पुलिस को डेढ़ किलो चरस मिली। टीम ने घर से रमेश चौहान और राजीव चौहान को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पाटा गांव, कालसी के रहने वाले हैं।
जैसे ही पुलिस दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर ले जाने लगी, स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। इस पर हालात को काबू करने के लिए मौके पर और पुलिस फोर्स बुलाई गई। जिसके बाद हालात पर काबू पाया जा सका।
इस हमले में एलआईयू दारोगा अरविंद और सिपाही शादाब घायल हो गए। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोतवाली विकासनगर लाया गया है। टीम पर हमला करने वाले स्थानीय लोगों के खिलाफ पुलिस मुकदमा दर्ज करने की तैयारी में है।