उत्तराखंड के सितारगंज में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में तलवारें और गोलियां चल गई। इस घटना में दो की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।
रविवार को किच्छा मार्ग पर बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने दो पक्षों के बीच हुए विवाद में फायरिंग हो गई। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रुप से घायल हैं। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया कि रविवार की सुबह गुरु पर्व के अवसर पर नगर कीर्तन निकलना था। इसके पहले ही वहां पर दो पक्षों में गोलियां चल गई। गोली लगने से दलजीत सिंह सोनू निवासी जनता फार्मऔर हरबंस सिंह बिज्टी गांव की मौत हो गई।
वहीं हरजीत सिंह और बलजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के पीछे पुराना जमीनी विवाद बताया जा रहा है। सितारगंज के दोहरे हत्याकांड में अभी तक पुलिस को तहरीर नहीं मिली है। बताया जा रहा है की घटना को 6 लोगों ने अंजाम दिया है। घटना स्थल से एसएसपी ने घटना की सीसीवीटी फ़ुटेज भी ले ली है । जिसमें हत्याकांड को अंजाम देने वाले साफ़ दिखाई दे रहे हैं।
दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम हो गया है। मृतकों के परिजन कोतवाली में जमा हैं साथ ही पीएसी के अलावा नैनीताल जिले का भी भारी पुलिस फ़ोर्स मौजूद है। एसएसपी, तीनों एएसपी, कई सीओ व कोतवाल भी कोतवाली में मौजूद है। दोनो गांव में पुलिस तैनात है।