बाढ़ से टूटी पुलिया की जगह बना गड्ढा दो बच्चों की जान ले गया। ईसाई फार्म नौसर के दो बच्चों की इस गड्ढे में भरे पानी में डूबने से मौत हो गई जबकि एक बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि विकासखंड के अफसरों ने यहां तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था कर दी होती तो दो मासूमों की जान नहीं जाती।
ईसाई फार्म से कुछ ही दूरी पर स्थित पुलिया बाढ़ में बह चुकी है और वहां सात फुट गहरा और 15 फुट लंबा गड्ढा बन गया है। अनिल मसीह के परिवार के पांच बच्चे शुक्रवार शाम इस मार्ग पर जा रहे थे।
आगे गड्ढे से अनजान पूजा दस वर्ष पुत्री पीटर, पूजा का भाई साहिल और 12वर्षीय वंश पुत्र अनिल मसीह मार्ग पर ही भरा पानी समझ उसमें उतरे तो गड्ढे में जा गिरे। उनको डूबता देख उनके साथ गई रोशनी और यश ने शोर मचाया तो नजदीक के खेत में धान निराई कर रहे दीवान मसीह और पप्पू सिंह ने तीनों बच्चों को बाहर निकाला।